कसरावद: मंत्रोच्चार के साथ 51 बटुकों ने धारण की जनेऊ, नार्मदीय ब्राह्मण समाज के ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने हजारों समाजजन

शेयर करे

कसरावद, 24 अप्रैल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

कसरावद नगर का जय गजानंद मांगलिक परिसर शुक्रवार को वैदिक मंत्रों के उद्घोष से गुंजायमान रहा। अवसर था नार्मदीय ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित 51 बटुकों के सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का। इस ऐतिहासिक और भव्य आयोजन में पूरे क्षेत्र से हजारों समाजजन शामिल हुए।

धार्मिक परंपराओं का निर्वहन और संस्कार

नार्मदीय ब्राह्मण समाज कसरावद इकाई द्वारा आयोजित इस निःशुल्क कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे गणेश पूजन के साथ हुई। बटुकों का मुंडन संस्कार कर उन्हें ब्राह्मण परिवेश धारण कराया गया। मां नर्मदा संस्कृत पाठशाला महेश्वर के आचार्यों के सानिध्य में काशी पठन की शोभायात्रा निकाली गई और वैदिक रीति-रिवाज से यज्ञोपवीत धारण कराया गया।

पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश: इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि पूरा कार्यक्रम ‘डिस्पोजल मुक्त’ रहा। पर्यावरण को बचाने के उद्देश्य से भोजन के लिए पलाश के पत्तों की पत्तलों और पीने के पानी के लिए तांबे के लोटों का प्रयोग किया गया। इस अनूठी पहल की सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की।

संतों का मिला आशीर्वाद: आयोजन में बटुकों को आशीर्वाद देने के लिए बमनाला गुरु गादी के महंत, गुलाबड़ सरकार और सत्यधाम आश्रम से गोरेलाल शर्मा सहित कई संत पधारे। समाज के अध्यक्ष मनोज जोशी ने बताया कि आने वाली पीढ़ी में ब्रह्मत्व और आत्मबल जगाने के उद्देश्य से यह पहला निःशुल्क आयोजन किया गया है।

इनका रहा सराहनीय सहयोग:

आयोजन को सफल बनाने में अरुण सोहनी, डॉ. वाय के शर्मा, राजेश शर्मा, माया सुभाष शर्मा, विवेक गावशिंदे, सौरभ शर्मा सहित नार्मदीय ब्राह्मण समाज की महिला और युवा इकाई के सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।