बड़वानी/सिलावद, 24 अप्रेल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर सिलावद थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के शनिवार को होने वाले प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के लिए कुर्सियां ले जा रहे एक पिकअप वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मंत्री के कार्यक्रम के लिए जा रही थीं कुर्सियां
जानकारी के अनुसार, शनिवार को लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सिलावद में गोई नदी पर बनने वाले पुल का भूमिपूजन करने आने वाले हैं। इसी कार्यक्रम के लिए बड़वानी से कुर्सियां भरकर पिकअप वाहन सिलावद जा रहा था, तभी सिलावद से महज 500 मीटर पहले बड़वानी-सेंधवा स्टेट हाईवे पर यह हादसा हो गया।
मृतक की हुई पहचान: सिलावद थाना प्रभारी रामकृष्ण लोवंशी ने बताया कि मृतक की पहचान राजाराम (52 वर्ष), पिता नारायण, निवासी साक्तयापानी के रूप में हुई है। राजाराम सिलावद से बड़वानी की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एम्बुलेंस की मदद से सिलावद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने वाहन किया जब्त:
पुलिस ने संबंधित पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और मामला जांच में लिया है। मंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है।








