खरगोन-बड़वानी 29 अप्रैल, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
श्री कृष्णा विश्वविद्यालय, छतरपुर (मध्यप्रदेश) द्वारा आयोजित प्रथम दीक्षांत समारोह-2026 में खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल को उनके राजनैतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट, समर्पित एवं प्रभावी योगदान के लिए मानद डॉक्टरेट उपाधि से अलंकृत किया गया। यह सम्मान उनके द्वारा क्षेत्र में किए गए सतत जनसेवा कार्यों, विकासोन्मुख सोच एवं समाज के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है।
गौरवमयी रहा दीक्षांत समारोह
दीक्षांत समारोह में प्रदेश एवं देश के अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण गौरवमयी एवं प्रेरणादायी रहा, जहां शिक्षा, सेवा और समाज के प्रति समर्पण के मूल्यों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
जनता के आशीर्वाद का फल: सांसद पटेल
इस अवसर पर सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि उनके संसदीय क्षेत्र खरगोन–बड़वानी की देवतुल्य जनता, समर्पित कार्यकर्ताओं एवं प्रत्येक क्षेत्रवासी का है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ने उन्हें निरंतर जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान की है। उन्होंने आगे कहा कि यह सम्मान उनके लिए एक नई जिम्मेदारी और प्रेरणा का स्रोत है, जो उन्हें समाज के प्रति अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा, समर्पण एवं सेवा भाव से निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेगा।
युवाओं से राष्ट्र निर्माण का आह्वान
सांसद श्री पटेल ने लोकतंत्र में जनता के विश्वास को जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी पूंजी बताया। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के सहयोग से वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के कार्यों को और अधिक गति देंगे।
विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री वीरेंद्र कुमार खटीक, उच्च शिक्षा मंत्री श्री इंदर सिंह परमार, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री दिलीप अहिरवार, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री तपन भौमिक, छतरपुर विधायक श्रीमती ललिता यादव, म.प्र. निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. प्रेमसिंह डहेरिया, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ब्रजेश सिंह गौतम, कुलगुरु डॉ. अमित कुमार जैन सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।







