बड़वानी: नलों में आया सीवरेज का गंदा पानी; कांग्रेसी नेता और पार्षदों ने सड़क पर दिया धरना, सिवरेज कंपनी से लिखवाई जवाबदेही

शेयर करे

बड़वानी, 29 अप्रैल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

बड़वानी शहर के कालका माता मंदिर क्षेत्र में बुधवार को सीवरेज लाइन के लीकेज होकर पेयजल लाइन में मिल जाने के कारण घरों में दूषित और बदबूदार पानी की सप्लाई हुई। इस गंभीर लापरवाही के खिलाफ विधायक राजन मंडलोई के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और पार्षदों ने सड़क पर बैठकर जोरदार प्रदर्शन किया। भारी विरोध के बाद प्रशासन और संबंधित कंपनी को लिखित में जिम्मेदारी लेनी पड़ी।

लिखित जवाबदेही: ‘जनहानि हुई तो कंपनी होगी जिम्मेदार’

सीवरेज कार्य में बरती गई लापरवाही को देखते हुए सुपरविजन कंपनी श्री राम कंस्ट्रक्शन की जवाबदेही तय की गई है। PIU के SE चंद्रकांत सिंह ने लिखित में दिया है कि “दूषित पेयजल के कारण यदि कोई भी जनहानि होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सुपरविजन कंपनी श्री राम कंस्ट्रक्शन की होगी।”

नगर पालिका का आश्वासन: 15 दिन में सुधरेगी व्यवस्था

नगर पालिका के उपयंत्री एम. चौहान ने लिखित आश्वासन देते हुए बताया कि:

  • वार्ड नं. 14 में 4 दिन के भीतर शुद्ध पेयजल की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
  • इसके बाद वार्ड क्रमांक 16, 13, 06, 11, 17 और अन्य वार्डों में क्रमवार कार्य किया जाएगा।
  • अगले 15 दिनों में सभी संबंधित वार्डों में रिपेयरिंग कार्य पूर्ण कर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति बहाल होगी। तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर टैंकरों से पानी भेजा जाएगा।

सभी नेताओं और पार्षदों ने एकजुट होकर जताया विरोध

प्रदर्शन के दौरान विधायक राजन मंडलोई, मनेंद्र सिंह पटेल, सुनील यादव, विष्णु बनडे, राकेश सिंह जाधव, बाबू भाई धनगर, हेमंत कुमावत, मुजीब कुरैशी, कैलाश सोलंकी, बलराम यादव, सचिन यादव और अरुण यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। विधायक ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में कार्य पूरा नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।