बड़वानी, 29 अप्रेल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
बड़वानी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत युवाओं को सही दिशा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के कुशल नेतृत्व में ‘कैरियर काउंसलिंग सेशन 2026’ कार्यशाला का सफल आयोजन न्यू पुलिस कंट्रोल रूम में किया गया। इस कार्यशाला में जिले के 16 थानों से आए करीब 150 से अधिक विद्यार्थियों ने भविष्य की राह चुनने के गुर सीखे।
विषय विशेषज्ञों ने दिए सफलता के मंत्र
कार्यशाला में प्रखर मोटिवेशनल स्पीकर श्री प्रतीक श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘लक्ष्य साधना है तो धैर्य अनिवार्य है’। उन्होंने श्रीकृष्ण-अर्जुन और स्वामी विवेकानंद के उदाहरणों के माध्यम से आंतरिक मोटिवेशन और जिज्ञासा के महत्व को समझाया। वहीं, कोठारी इंस्टीट्यूट की डॉ. मधुलिका शुक्ल ने समय के सदुपयोग और शिक्षक के मार्गदर्शन को सफलता की कुंजी बताया।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के टिप्स: सत्र के दौरान श्री रोहित चतुर्वेदी एवं श्री वीरेंद्र शर्मा ने UPSC और PSC जैसी परीक्षाओं के लिए सजग रहने पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को NCERT की पुस्तकों का गहन अध्ययन करने और लेखन अभ्यास पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
पुलिस अधीक्षक का संदेश: ‘भीड़ का अनुसरण नहीं, तथ्यों को चुनें’
पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने अपने संदेश में कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक मार्ग दिखाना भी है। उन्होंने आह्वान किया कि युवा अपनी रुचि और तथ्यों के आधार पर करियर का चयन करें, न कि भीड़ का अनुसरण करें।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, डीएसपी श्री महेश सुनैया, डीएसपी श्रीमती निलेश्वरी डावर, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल सहित विभिन्न थाना प्रभारी और मीडियाकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रक्षित निरीक्षक श्री चेतन बघेल द्वारा किया गया।









