बड़वानी, 01 मई 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा बुद्ध पूर्णिमा के पावन पर्व पर एक साथ लाखों घरों में ‘गृह-गृह गायत्री महायज्ञ’ का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में बड़वानी जिले के हजारों घरों में भी श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और अकीदत के साथ आहुतियां प्रदान कीं। इस महाभियान का मुख्य उद्देश्य विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त भारत और राष्ट्र की अखंडता को मजबूत करना रहा।
माता भगवती देवी शर्मा जन्म शताब्दी वर्ष: लाखों घरों को ‘देव परिवार’ बनाने का लक्ष्य
युवा प्रकोष्ठ जिला समन्वयक लखन विश्वकर्मा ने बताया कि वर्ष 2026 परम वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा का जन्म शताब्दी वर्ष है। इस ऐतिहासिक अवसर पर गायत्री परिवार ने लाखों घरों को ‘देव परिवार’ के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया है। जिले के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ इस लक्ष्य की प्राप्ति में जुटे हुए हैं।
आधुनिक तकनीक से भी जुड़ी भक्ति: गायत्री परिवार के दिनेश चौधरी के अनुसार, जिलेभर के साधकों ने मोबाइल, पीडीएफ, यूट्यूब और हरिद्वार से लाइव प्रसारण के माध्यम से भी इस यज्ञ में भागीदारी की। जिला समन्वयक विक्रम जमरे ने बताया कि मातृ जन्म शताब्दी वर्ष के अंतर्गत गृह-गृह यज्ञ के साथ ही देव स्थापना और दीप यज्ञ जैसे कार्यक्रम भी निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।
संकल्प को मिल रही नई दिशा:
पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के संकल्प “मनुष्य में देवत्व का उदय और धरती पर स्वर्ग का अवतरण” को साकार करने के लिए जिले के सभी तहसील प्रभारियों और कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क कर इस अभियान को सफल बनाया।





