विधायक सेना पटेल ने बरझर पहुंचकर आगजनी पीड़ित परिवार को दिया सहारा, स्वेच्छा निधि से ₹50 हजार सहायता की घोषणा

शेयर करे

आलीराजपुर 04 मई, 2026 | निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

आलीराजपुर। चंद्रशेखर आज़ाद नगर क्षेत्र के दौरे के दौरान जोबट विधायक सेना महेश पटेल बरझर ग्राम पहुंचीं, जहां उन्होंने हाल ही में भीषण आगजनी की घटना से प्रभावित पूर्व सरपंच सोमला बारिया के परिवार से मुलाकात की। विधायक ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए उनकी स्थिति का जायजा लिया और संकट की इस घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

आगजनी में खाक हो गई थी पूरी गृहस्थी विगत दिनों पूर्व सरपंच सोमला बारिया के घर में अचानक लगी भीषण आग से पूरा मकान और गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया था। इस घटना के बाद से परिवार गहरे आर्थिक और मानसिक संकट में था। घटना की सूचना मिलने के बाद विधायक सेना पटेल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से चर्चा की।

तत्काल सहायता और मुआवजे के निर्देश विधायक सेना पटेल ने तहसीलदार जितेंद्र तोमर की उपस्थिति में प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घटना का पंचनामा और राहत संबंधी सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण की जाएं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शासन द्वारा निर्धारित मुआवजा राशि पीड़ित परिवार को बिना किसी विलंब के तत्काल उपलब्ध कराई जाए।

स्वेच्छा निधि से 50 हजार की आर्थिक मदद मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए विधायक सेना पटेल ने मौके पर ही अपनी स्वेच्छा निधि से ₹50,000 (पचास हजार रुपये) की तात्कालिक आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता मेरा परिवार है और उनके दुःख में सहभागी होना मेरा कर्तव्य है।

घायलों का जाना हालचाल बरझर प्रवास के दौरान विधायक सेना पटेल ने सड़क दुर्घटना में घायल हुए पूर्व सरपंच महेश मावी से भी मुलाकात की। उन्होंने मावी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरीश भाबर, विधायक प्रतिनिधि मदन डावर, सोनू वर्मा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक की इस त्वरित सहायता और संबल देने की पहल की ग्रामीणों ने सराहना की है।