खरगोन-कसरावद 05 मई, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
कसरावद। भारत सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ‘जनगणना 2027’ के प्रथम चरण का कार्य जिले भर में जारी है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में कसरावद तहसील के प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने अपनी कार्यकुशलता और तत्परता की अनूठी मिसाल पेश की है। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र के कई अग्रणी कर्मियों ने निर्धारित एक माह के लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 5 दिनों में ही मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है।
सम्मान समारोह का हुआ आयोजन
समय सीमा से पूर्व उत्कृष्ट कार्य करने वाले इन प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के उत्साहवर्धन हेतु एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम एवं अनुभाग जनगणना अधिकारी श्री सत्येंद्र बेरवा, तहसीलदार एवं जनगणना चार्ज अधिकारी श्री मुकेश मचार, अतिरिक्त जनगणना चार्ज अधिकारी श्री नरेंद्र मुवेल एवं नगर जनगणना चार्ज अधिकारी श्री कमलेश गोले द्वारा बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया।
ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन
अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के 13 प्रगणकों और नगरीय क्षेत्र के 04 प्रगणकों ने दिन-रात मेहनत कर डिजिटल माध्यम से डेटा एंट्री का कार्य मात्र 5 दिनों में संपन्न किया है। गौरतलब है कि जनगणना 2027 का प्रथम चरण 01 मई से शुरू हुआ है जो 30 मई तक चलना है, लेकिन कसरावद के इन कर्मियों की सक्रियता से कार्य में बड़ी गति आई है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस गौरवपूर्ण अवसर पर फील्ड ट्रेनर्स श्री नरेंद्र पाटीदार, श्री अमित दुबे, श्री संजय वरकडे, श्री जितेंद्र गुप्ता सहित पर्यवेक्षक श्री अजय कर्मा, श्री महेंद्र पटेल, श्री मोहन यादव, श्री शाकीर पठान एवं जनगणना प्रभारी श्री विजय कुमार वर्मा, हमीद खान व लोकेश मुकाती विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए अन्य कर्मियों को भी इसी निष्ठा के साथ कार्य पूर्ण करने की प्रेरणा दी।






