कट्ठीवाड़ा में अवैध पेट्रोल-डीजल बेचने वाली दो दुकानों पर प्रशासन की कार्रवाई, 120 लीटर ईंधन जब्त

शेयर करे

कट्ठीवाड़ा (आलीराजपुर) 19 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​कलेक्टर नीतू माथुर के निर्देशन पर अलीराजपुर जिले में अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कट्ठीवाड़ा क्षेत्र में एसडीएम सुश्री निधि मिश्रा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुले आम अवैध रूप से ईंधन बेच रही दुकानों पर दबिश दी और भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल जब्त किया।

बस स्टैंड की दो दुकानों पर मिला अवैध ईंधन

​एसडीएम सुश्री निधि मिश्रा ने क्षेत्र का औचक भ्रमण कर खुले में अवैध रूप से ईंधन बेचने वाली दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कट्ठीवाड़ा बस स्टैंड स्थित दो दुकानों पर बिना किसी वैध अनुमति के अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल बेचे जाने का खुलासा हुआ। एसडीएम ने तुरंत एक्शन लेते हुए संबंधित दुकानों से लगभग 80 लीटर पेट्रोल और 40 लीटर डीजल जब्त करने की कार्रवाई की।

दुकान संचालकों को सख्त चेतावनी

​कार्रवाई के दौरान एसडीएम सुश्री मिश्रा ने अवैध कारोबार करने वाले दुकान संचालकों को कड़े लहजे में हिदायत दी कि भविष्य में इस प्रकार खुले में और अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल का विक्रय बिल्कुल न करें। ऐसा पाए जाने पर आगामी समय में और अधिक सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

​इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान कट्ठीवाड़ा तहसीलदार सुनील डावर, नायब तहसीलदार सुश्री सरिता बालेचा सहित अन्य राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।