सोंडवा में बिजली विभाग की मनमानी। ग्रामीणों ने आदिवासी नेता महेश पटेल को सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी।

शेयर करे

आलीराजपुर, 23 अप्रैल 2026।
(निमाड़ दस्तक न्यूज़ : रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट)

आलीराजपुर। सोंडवा विकासखंड के ग्राम बयड़िया और आसपास के क्षेत्रों में बिजली की समस्याओं और विभाग की कथित अव्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल एवं वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश राठौर से मुलाकात कर उन्हें अपनी समस्याओं का ज्ञापन सौंपा।

बिजली विभाग पर गंभीर आरोप, नियमों को ताक पर रखने की शिकायत

सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर मानकों के विपरीत काम करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि बयड़िया के पटेल फलिया में पहले से 25 केवी की डीपी होने के बावजूद नियमों के विरुद्ध 63 केवी की डीपी को सीधे 24 घंटे की लाइन से जोड़ दिया गया है। इसी तरह की अव्यवस्था अन्य क्षेत्रों में भी देखी जा रही है।

बिना रसीद वसूली और अवैध मांग का खुलासा

ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि क्षेत्र में बिजली कनेक्शन के नाम पर बिना रसीद दिए मोटी रकम वसूली जा रही है। कई हितग्राहियों से 30 हजार रुपये से अधिक लेने के बावजूद अब तक उनके घरों में बिजली नहीं पहुँची है। आरोप है कि कर्मचारी अब 1.20 लाख रुपये तक की अतिरिक्त अवैध मांग कर रहे हैं।

“समाधान नहीं हुआ तो करेंगे विभाग का घेराव”

आदिवासी नेता महेश पटेल ने आश्वासन दिया कि वे इस मामले को वरिष्ठ अधिकारियों के सामने उठाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो सैकड़ों ग्रामीणों के साथ सोंडवा बिजली विभाग का घेराव कर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।