सड़क पर उतरीं कलेक्टर: ओवरलोड वाहन रुकवाकर यात्रियों को उतारा नीचे, चालक पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

शेयर करे

आलीराजपुर 06 मई, 2026 | निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

आलीराजपुर। जिले में यातायात नियमों की अनदेखी और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। बुधवार को कट्ठीवाड़ा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर ने रास्ते में यात्रियों से खचाखच भरे एक ओवरलोड वाहन को खुद रुकवाया और मौके पर ही पुलिस को चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए।

दस्तावेज न मिलने पर चालक को लगाई फटकार

कलेक्टर श्रीमती माथुर ने वाहन रुकवाकर जब चालक से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के दस्तावेज और फिटनेस प्रमाण पत्र की मांग की, तो चालक एक भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। इस गंभीर लापरवाही पर कलेक्टर ने चालक को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने मौके पर ही चांदपुर थाना प्रभारी दिलीप चंदेल को तलब कर वाहन के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई करने और भारी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।

जान जोखिम में डालकर सफर न करें यात्री

कार्रवाई के दौरान कलेक्टर ने वाहन में क्षमता से अधिक सवार यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतरवाया। उन्होंने यात्रियों को समझाते हुए कहा कि ओवरलोड वाहनों में सफर करना जानलेवा हो सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा के लिए केवल वैध और सुरक्षित वाहनों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।

नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी सख्ती

कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन और ओवरलोडिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस तरह का औचक निरीक्षण और कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) सुश्री निधि मिश्रा, नायब तहसीलदार सुश्री सरिता बालेचा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।