आलीराजपुर, 08 मई 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत आलीराजपुर जिले में मकान सूचीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को समय-सीमा से पूर्व पूरी निष्ठा के साथ पूर्ण करने वाले प्रगणकों को प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर नीतू माथुर द्वारा सम्मानित किया गया। जिले में अब तक कुल 92,267 मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है।
भीषण गर्मी में भी डटे रहे प्रगणक
कलेक्टर नीतू माथुर ने सम्मानित प्रगणकों को पुष्पगुच्छ भेंट कर और मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी की चुनौतियों के बावजूद प्रगणकों ने जिस समर्पण के साथ अपना लक्ष्य समय से पहले हासिल किया है, वह अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक है।
इन्हें मिला सम्मान:
ग्राम भीमबयड़ा के तेरसिंह चौहान ने सर्वप्रथम एचएलबी कार्य पूर्ण कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही शैलेश मंडलोई, छगनसिंह डावर, अंतिम अलावा, रामसिंह डुडवे, हरसिंह चौहान, इडलसिंह बघेल, गणपतसिंह बघेल, गुलाबसिंह चौहान, अभयसिंह भिड़े, हिम्मतसिंह डावर एवं राजु बघेल सहित सोंडवा, जोबट और चंद्रशेखर आजाद नगर तहसील के प्रगणकों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
अधिकारियों की रही उपस्थिति:
इस अवसर पर एसडीएम सुश्री निधि मिश्रा, तहसीलदार सविता राठी, नायब तहसीलदार सुश्री मंजू डावर, जनगणना निदेशालय के जिला प्रभारी सिद्धार्थ गोयल उपस्थित थे। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में अपना सहयोग सुनिश्चित करें।




